
महज तीन सीजन में 100 गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी बने क्रिस्टियानो रोनाल्डो
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने सौ गोल दाग कर एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। इसके साथ ही वह महज तीन सीजन में अपनी टीम जुवेंटस के लिए सौ गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इटली में खेली जा रही सीरीज ए फुटबॉल लीग में उन्होंने न केवल अपना 100वां गोल दागा बल्कि सासुओलो केल्सियो के खिलाफ मुकाबले में अपनी टीम को 2-0 से बढ़त भी दिलाई। इस जीत के साथ जुवेंटस 36 मैचों में 72 अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर बनी हुई है। वहीं सासुओलो इतने ही मैचों में 56 अंकों के साथ आठवें स्थान पर काबिज है।
36 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि अभी उनकी खेलने की क्षमता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। मुकाबले के दौरान उन्होंने एड्रियन रेबियोट के हैडर को बड़ी ही चतुराई से नियंत्रित किया और गोलकीपर एंड्रिया कोसिग्ली को चकमा देते हुए गोल दाग दिया।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले जुवेंटस के लिए 100 गोल दाग चुके रॉबर्ट बोगिओ और ओमार एनरिक को यह कीर्तिमान स्थापित करने में चार सीजन का समय लगा था। वहीं जुवेंटस के लिए सर्वाधिक गोल (208) दागने वाले अल्सेंड्रो डेल पियरी को सैकड़े का आंकड़ा छूने में आठ सीजन का वक्त लगा था। वहीं वर्तमान समय में यूरोपियन लीग में खेल रहे खिलाड़ियों में केवल तीन खिलाड़ी ही अपने क्लब के लिए 100 गोल दाग पाए हैं – बेयर्न म्यूनिख के रॉबर्ट लेवांडोस्की, बार्सिलोना के लियोन मेसी और पेरिस सैंट जर्मन के काईलियन मबप्पे। इस गोल के साथ ही रोनाल्डो, रॉबर्ट बोगिओ और पियत्रो अनास्टसी के साथ संयुक्त रूप से जुवेंटस के दसवें सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
इस मैच में पॉल डियाब्लो ने भी अपने 100 गोल पूरे कर लिए हैं। जुवेंटस के लिए 100 गोल दागने वाले पॉल डियाब्लो पहले गैर यूरोपीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने 100 गोल में से 15 गोल चैंपियंस लीग में दागे हैं, जो कि मिशेल प्लाटिनी और फिलिपिनो इंजाघी के सर्वाधिक गोल (17) से महज 2 गोल कम है।