
जेपी नड्डा ने Tauktae प्रभावित राज्य गोवा,कर्नाटक, केरल, गुजरात के कार्यकर्ताओं, विधायकों और सांसदों के साथ बैठक आयोजित की।Tauktae प्रभावित जिन राज्यों में बीजेपी की सरकार नहीं है, उनमें भी मदद में कोई संकोच नहीं बरतने के आदेश दिए हैं।
देश के समुद्र तटीय राज्य Tauktae Cyclone (तौकते चक्रवात) की चपेट में आ चुके हैं। समुद्र तटीय इलाकों वाले राज्य केरल, कर्नाटक, गोवा, गुजरात, दमन और दीव में तौकते चक्रवात की वजह से आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सरकार विपदा प्रबंधन की अलग अलग इकाइयां स्थापित कर, इन तौकते चक्रवात प्रभावित इलाकों में राहत कार्य करने में लगी हुई है। ऐसे में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष, जेपी नड्डा ने भी इन राज्यों के सभी पार्टी विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं को राहत कार्य में जुटने का आदेश दिया है। जेपी नड्डा ने रविवार, 16 मई 2021 की दोपहर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक बैठक आयोजित की। इस बैठक में तौकते चक्रवात प्रभावित राज्य गुजरात, केरल, कर्नाटक, गोवा और दमन व दीव के पार्टी से जुड़े सभी विधायक, सांसद और अधिकारी शामिल हुए। जेपी नड्डा ने इस बैठक में आपदा के समय में पार्टी सदस्यों से लोगों की मदद करने का आह्वान किया है।
आपको बता दें कि तौकते चक्रवात पणजी, गोवा के दक्षिण पश्चिमी भाग से 150 किलोमीटर दूर मध्यपूर्वी अरेबियन समुद्री इलाके में आया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटे में यह और आगे बढ़कर गुजरात के समुद्री इलाके, पोरबंदर और महुआ में भी पहुंच सकता है। तौकते चक्रवात से गोवा और केरल जैसे राज्यों में आम लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। समुद्री इलाकों में बसे लोगों के घर उजड़ गए हैं, साथ ही यातायात , बिजली जैसी सुविधाएं ठप हो गई हैं। कोरोना संक्रमित लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी जूझना पड़ रहा है।
आपदा के समय भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से आगे बढ़कर लोगों की मदद करने की गुजारिश की है। साथ ही, उन्होंने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से ये भी कहा कि जिन राज्यों में हमारी पार्टी की सरकार नहीं है, वहां भी लोगों की मदद करने में हमें संकोच नहीं करना चाहिए।