
राम लखन, तेजाब, खलनायक जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में देकर 90 के दशक में थीं बाॅक्स आफिस की रानी
बॉलीवुड में कितने ही लोग एक्टर बनते हैं, मगर उनमें से कुछ ही ऐसे होते हैं जो सदाबहार कहलाते हैं। अमिताभ बच्चन, श्रीदेवी, राज कपूर, रेखा, माधुरी दीक्षित समेत कई ऐसे एक्टर हैं जिन्होंने कई दशक तक बॉलीवुड पर राज किया है। आज बॉलीवुड की रानी माधुरी दीक्षित के 54वें जन्मदिन के मौके पर हम आपको बताएंगे कि माधुरी दीक्षित कैसे बनी बॉलीवुड की धक-धक गर्ल।
बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित जिनके अभिनय के लोग आज भी दीवाने हैं, 90 के दशक में बॉलीवुड की सबसे बड़ी सुपरस्टार थीं। माधुरी केवल 17 साल की थीं जब उन्होंने साल 1984 में राजश्री प्रोडक्शन द्वारा बनाई फिल्म 'अबोध' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। यह फिल्म कुछ खास तो नहीं कर पाई और अपने शुरुआती करियर में कई फ्लॉप फिल्में देने के बाद, माधुरी को साल 1988 में आई फिल्म 'तेजाब' में अभिनय का मौका मिला। इस फिल्म ने मानों जैसे पूरा खेल ही बदल दिया। फिल्म बाॅक्स आफिस पर ब्लॉकबस्टर रही, जिसने माधुरी दीक्षित को रातों रात स्टार बना दिया।
'तेजाब' में अपने अभिनय और सुपरहिट सांग 'एक दो तीन' से माधुरी ने दर्शकों के दिलों और बॉलीवुड जगत में अपनी एक छाप छोड़ी और निकल पड़ी अपने बॉलीवुड की रानी बनने के सफर पर। फिर चाहे वो 'हम आपके हैं कौन' की निशा बनकर हो या 'साजन' की पूजा बनकर उन्होंने हर किरदार को बखूबी निभाया। यहां तक की सलमान खान के साथ साल 1994 में आई उनकी फिल्म 'हम आपके हैं कौन' के लिए उनकी सैलरी सलमान खान से ज्यादा थी, जो आज के जमाने में किसी भी अभिनेत्री के लिए बहुत बड़ी बात है।
अपने लंबे और हिट फिल्मी करियर में कई सुपरहिट फिल्में देने वाली माधुरी ने, 80 के दशक में टाॅप पर चल रहीं बॉलीवुड की चांदनी यानी अभिनेत्री श्रीदेवी तक को पीछे छोड़ दिया था। माधुरी दीक्षित को केवल उनके दमदार अभिनय के लिए ही नहीं, बल्कि उनके शानदार डांस के लिए भी जाना जाता है। अपने डांस से दिल जीतने वाली माधुरी को लोग धक-धक गर्ल के नाम से बुलाने लगे। माधुरी को फिल्मों में सफलता दिलाने में उनकी डांस गुरु दिवंगत कोरियोग्राफर सरोज खान ने भी अहम भूमिका निभाई है और उन्हें बॉलीवुड की बाॅक्स आफिस की रानी के साथ डांस की रानी भी बना दिया।
माधुरी दीक्षित ने अपने जीवन में कई उपलब्धियां हासिल की हैं, जिसमें वह पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित की गई हैं, और उन्होंने 6 बार फिल्मफेयर अवार्ड जीती हैं।