
फंडरेजर के जरिए जमा किए 10 लाख रुपए, भारत ही नहीं दुनियाभर के लोगों से कर रहे हैं दान
साउथ कोरिया का फेमस बैंड ग्रुप BTS, विश्वभर में प्रसिद्ध है। वह केवल अपने गानों के लिए ही नहीं बल्कि अपनी फैन फॉलोइंग के लिए भी जाने जाते हैं। उनकी फैंस 'BTS आर्मी' के नाम से मशहूर हैं। हाल ही में BTS आर्मी ने भारत में कोविड महामारी से लड़ने के लिए एक फंडरेजर के जरिए 10 लाख रुपए इकट्ठा किए।
ग्रैमी नॉमिनेटेड साउथ कोरियन बैंड ग्रुप BTS के फैंस, यानी BTS आर्मी ने शुक्रवार को बैंगटन इंडिया, BTS फैन क्लब ने अपने ट्विटर पेज पर एक दान का लिंक शेयर किया, जिसमें उन्होंने दुनियाभर के फैंस और स्थानीय लोगों से फंडरेजर बढ़ाने का निवेदन किया, जिससे और लोगों को इसके बारे में पता चले और वह भी अपनी क्षमता के अनुसार दान करें।
इस फंडरेजर के जरिए BTS आर्मी मुफ्त में ऑक्सीजन सिलेंडर सप्लाई करेगी, मेडिकल सप्लाई देंगे और कोविड के कारण घर में रह रहे और बेघर मरीजों को भोजन दे रहे रसोई घरों को बढ़ावा देंगे।
BTS आर्मी ने पोस्ट में लिखा, 'भारत इस समय इतिहास में कोविड महामारी के सबसे बुरे प्रकोप से गुजर रहा है। कोविड की दूसरी लहर पहले की लहर से कई ज्यादा भयंकर है और इससे हमारे हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ स्वास्थ्य संगठन भी काफी दबाव में हैं। साथ ही संगठन जितना कर सकते हैं उतना कोविड से प्रभावित लोगों की जरूरतों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं'।
इस पोस्ट को शेयर करते ही, 12 घंटों से भी कम समय में BTS आर्मी ने 10 लाख रुपए की बड़ी रकम जोड़ ली। इस रकम के लिए भारत से ही नहीं बल्कि दुनिया भर के फैंस ने दान दिया। जिसके बाद BTS आर्मी ने कहा, 'हम अभी दिल्ली और महाराष्ट्र को प्राथमिकता दे रहे हैं, लेकिन हम बेंगलुरु, लखनऊ,रांची और अन्य बुरी तरह प्रभावित राज्यों में भी अपना समर्थन शुरू करना चाहते हैं'।
साउथ कोरिया का बैंड BTS जिसने 2013 में बिग हिट्स एंटरटेनमेंट के तहत अपना डेब्यू किया था, BTS अपने लाजवाब संगीत और अपने स्टेज प्रेसेंस के लिए जाने जाते है। BTS ग्रुप, 7 लड़कों का ग्रुप है, जिसमें जिन, सुगा, जे- होप, आर एम, जिमिन, वी और जंगकूक हैं, जो साथ में लिखते हैं और साथ में अपने गीत बनाते हैं।