
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बयान," दिल्ली में हालात बेकाबू, लॉक डाउन ही आखिरी विकल्प"।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि," राजधानी दिल्ली में, कोविड -19 की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है, पर हो सकता है कि कुछ ही दिन में ऑक्सीजन की किल्लत से छुटकारा मिल जाए"। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लॉक डाउन का समय एक हफ़्ता आगे बढ़ा दिया है।
उन्होंने एक ऐसे पोर्टल की स्थापना की घोषणा भी की, जहां हर दो घंटे में ऑक्सीजन की उपलब्धता की निगरानी की जा सकेगी।
दिल्ली में लगातार कोरोना वायरस संक्रमण के पाजिटिविटी रेट में इजाफ़ा देखने को मिल रहा है। सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि जब दिल्ली में हर जगह लॉक डाउन है, लोग अपने घरों में बंद है, फिर इस पाजिटिविटी रेट में बढ़त होने की क्या वज़ह है।
इस वर्ष लॉकडाउन के दौरान पाजिटिविटी रेट 36-37% पर पहुंच गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि,"हमने दिल्ली में इतनी सकारात्मकता कभी नहीं देखी है। अन्य स्थानों के बारे में हम नहीं जानते। लेकिन पिछले कुछ दिनों में सकारात्मकता दर में बहुत हल्की सी कमी आई है"।
कुछ दिनों पहले दिल्ली में ऑक्सीजन की कमी रिपोर्ट की गई थी। लेकिन अब उम्मीद है कि यह किल्लत काफ़ी जल्दी दूर हो जाएगी। इस पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि,"उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली की ऑक्सीजन संकट की स्थिति कम हो जाएगी। राज्य सरकार, ऑक्सीजन के लिए सभी संभावित मार्गों की खोज कर रही है। कल सभी राज्यों को पत्र लिखा है। कुछ राज्यों के साथ बातचीत जारी है। केंद्र ने दिल्ली के लिए 490 टन ऑक्सीजन आवंटित की है। लेकिन हमें पूरा आवंटन नहीं मिला है। हम 330 टन तक पहुंच गए हैं। यही कारण है कि अस्पताल, ऑक्सीजन की कमी की शिकायत कर रहे हैं। हमारे अधिकारी, मंत्री चौबीसों घंटे समन्वय कर रहे हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि हम अपने सभी प्रयासों को फलदायी बनाने की कोशिश में हैं"।
दिल्ली में ऑक्सीजन सम्बंधित सभी जानकारी को एक जगह पर एकत्रित करने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार एक नया पोर्टल लॉन्च करने जा रही है। जहाँ पर एक ही जगह सभी ऑक्सीजन रिटेलर, निर्माताओं से संबंधी जरूरी जानकारी उपडेट करते रहेंगे, ताकि जरूरत के समय उस जानकारी को उचित तरीक़े से इस्तेमाल किया जा सके।